राजद और कांग्रेस पर बरसीं अनुप्रिया पटेल, बोलीं – बिहार पूरी तरह बदल चुका है

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच शनिवार को केंद्रीय मंत्री और अपना दल (सो) की नेता अनुप्रिया पटेल पटना पहुंचीं, जहां उन्होंने बीजेपी मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बात करते हुए एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में मोर्चा संभाला। अनुप्रिया पटेल ने कहा कि लंबे समय बाद बिहार आने पर उन्हें राज्य में हुआ जबरदस्त विकास साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा – “काफी समय बाद बिहार आई हूं, एयरपोर्ट पर उतरते ही महसूस हुआ कि बिहार बदल चुका है। अब यहां नई सड़कों, फ्लाईओवरों और साफ-सुथरे शहरों का माहौल दिखता है। ये सब देखकर लगा कि बिहार वाकई विकास के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है।”

उन्होंने बिहार की जनता की लोकतांत्रिक जागरूकता की भी जमकर तारीफ की। कहा कि पहले चरण में रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुआ है, जो दिखाता है कि जनता विकास और स्थिरता के पक्ष में खड़ी है। अनुप्रिया ने कहा – “मैं बिहार की जनता को दिल से बधाई देती हूं, क्योंकि उन्होंने लोकतंत्र के इस पर्व में पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। यह नई, परिपक्व और जागरूक बिहार की पहचान है।”

राजद और कांग्रेस पर अनुप्रिया का प्रहार
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के हालिया बयान से साफ है कि अब राजद का रंग कांग्रेस पर पूरी तरह चढ़ चुका है। अनुप्रिया ने तंज कसते हुए कहा – “कांग्रेस अब राजद की भाषा बोल रही है, यह गठबंधन नहीं बल्कि भ्रष्टाचार और अपराध की मानसिकता का गठजोड़ है, जो बिहार को फिर से पीछे ले जाने की कोशिश कर रहा है।”

तेजस्वी यादव पर भी कसा तंज
अनुप्रिया पटेल ने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा और एक वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कहा – “जो लोग 30 हजार महिलाओं को नौकरी देने की बातें करते हैं, उनके ही समर्थकों ने बीजेपी उम्मीदवार श्रेयसी सिंह के चुनाव कार्यालय में तोड़फोड़ की है। यही उनका दोहरा चरित्र है – एक तरफ महिला सशक्तिकरण की बातें और दूसरी तरफ महिलाओं के खिलाफ हिंसा।”

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने हमेशा विकास, सुशासन और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है, जबकि विपक्ष की राजनीति सिर्फ नकारात्मकता और जातिवाद पर टिकी है। अंत में अनुप्रिया पटेल ने जनता से अपील की – “बिहार को वापस पीछे मत जाने दीजिए। इस विकास की गति को बनाए रखिए और एनडीए के पक्ष में मतदान कीजिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *