बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा के फैन्स के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात गोविंदा अचानक अपने घर पर बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत मुंबई के जुहू स्थित क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके करीबी दोस्त और वकील ललित बिंदल ने इस खबर की पुष्टि की है।
गोविंदा को रात करीब 1 बजे अस्पताल ले जाया गया था। बताया जा रहा है कि उन्हें डिसओरिएंटेशन की समस्या हुई, जिसकी वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी। फिलहाल डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं और वे पूरी तरह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार अभिनेता के कई मेडिकल टेस्ट किए गए हैं और रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है। उनके सभी जरूरी पैरामीटर्स पर डॉक्टर लगातार नजर रख रहे हैं। ललित बिंदल ने बताया कि फिलहाल किसी भी तरह की गंभीर चिंता की बात नहीं है, लेकिन डॉक्टर पूरी सतर्कता बरत रहे हैं और न्यूरो टीम की राय का भी इंतजार किया जा रहा है।
आपको बता दें, कुछ समय पहले गोविंदा उस वक्त चर्चा में आए थे जब उनकी बेटी टीना ने बताया था कि उन्हें गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया था। उनका ऑपरेशन कर गोली निकाली गई थी। उस वक्त भी फैन्स ने उनके जल्द ठीक होने की दुआ की थी और डिस्चार्ज होने के बाद गोविंदा ने खुद सबका शुक्रिया अदा किया था।
हालांकि अब एक बार फिर उनकी तबीयत को लेकर चिंता बढ़ गई है। लेकिन अच्छी बात यह है कि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी देखरेख में लगी हुई है। गोविंदा के फैन्स सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

