नीतीश के मंत्रियों ने दिखाई जबरदस्त पकड़, विधानसभा सीटों पर दर्ज की रिकॉर्ड जीत

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के साथ ही नीतीश सरकार के 29 मंत्रियों की भारी जीत की तस्वीर साफ हो गई है। इस बार मंत्रियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बेहद मजबूत पकड़ दिखाई और बड़े अंतर से जीत हासिल की। साहेबगंज में बीजेपी के मंत्री राजू कुमार सिंह ने राजद उम्मीदवार पृथ्वीनाथ राय को 13,522 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। फुलपरास में जदयू मंत्री शीला कुमारी मंडल ने कांग्रेस के सुबोध मंडल को 14,099 वोटों से पीछे छोड़ दिया।

सिकटी सीट पर बीजेपी मंत्री विजय कुमार मंडल ने VIP उम्मीदवार हरि नारायण प्रमाणिक को 19,322 वोटों से मात दी, जबकि हरसिद्धि से मंत्री कृष्ण नंदन कुमार ने राजद के राजेंद्र कुमार को 7,095 वोटों से पराजित किया। बेतिया से बीजेपी मंत्री रेणु देवी ने कांग्रेस उम्मीदवार वशी अहमद को 22,373 वोटों से हराकर जीत अपने नाम की।

सबसे बड़ी जीतों में शामिल है डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की तारापुर से ऐतिहासिक विजय, जहां उन्होंने राजद के अरुण कुमार साह को 45,820 वोटों के अंतर से हरा दिया। झंझारपुर में उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने CPI उम्मीदवार रामनारायण यादव को 54,849 वोटों से हराकर विशाल जीत दर्ज की। बांकीपुर से विजयी होकर लौटे बीजेपी के नितिन नवीन ने जीत का प्रमाणपत्र प्राप्त कर कहा कि यह जनता की जीत है, जनता के विश्वास की जीत है।

इन सभी मंत्रियों की जीत यह दिखाती है कि उनकी व्यक्तिगत लोकप्रियता, संगठन की मजबूत पकड़ और क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों पर जनता ने पूरा भरोसा जताया है। पूरे प्रदेश में इन जीतों के बाद जश्न का माहौल है और समर्थक ढोल-नगाड़ों के साथ उत्साह मनाते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *