मध्य प्रदेश में शुरू हुआ राजनीतिक नियुक्तियों का दौर – संस्कृति परिषद ने तीन सृजन पीठों में डायरेक्टर नियुक्त किए, कई विभागों में जल्द आएंगे नए आदेश

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने साहित्य, कला और संस्कृति से जुड़े संगठनों में राजनीतिक नियुक्तियों की शुरुआत कर दी है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद ने तीन महत्वपूर्ण सृजन पीठों में नए डायरेक्टर नियुक्त किए हैं। ये सभी नियुक्तियां दो साल की अवधि के लिए की गई हैं और सत्ता-संगठन समन्वय समिति की मंजूरी के बाद आदेश जारी किए गए हैं।

नई नियुक्तियों में भोपाल के ऋषि कुमार मिश्रा को मुक्तिबोध सृजन पीठ सागर का निदेशक बनाया गया है। वहीं उज्जैन के लिए मुंशी प्रेमचंद सृजन पीठ में मुकेश को डायरेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही भोपाल की डॉ. मीनू पांडेय नयन को बाल साहित्य शोध सृजन पीठ इंदौर में निदेशक पद पर नियुक्त किया गया है।

इन नियुक्तियों के साथ ही राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि अब जल्द ही अन्य विभागों के निगम-मंडलों, आयोगों और बोर्डों में भी नई राजनीतिक नियुक्तियों का दौर शुरू होगा। सरकार कई अहम पदों पर जल्द ही नए नामों का ऐलान कर सकती है, जिससे आने वाले दिनों में राज्य की प्रशासनिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में नई सक्रियता देखने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *