भोपाल। मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने अपने विवादित बयान पर आखिरकार माफी मांग ली है। आगर मालवा में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के कार्यक्रम के दौरान दिए गए बयान को लेकर जब राजनीतिक घमासान बढ़ा, तो मंत्री ने एक्स पर एक ट्वीट और वीडियो जारी कर अपनी बात स्पष्ट की।
वीडियो में इंदर सिंह परमार ने कहा कि बिरसा मुंडा जयंती के कार्यक्रम में वे अंग्रेजों की चाल और उनके षड्यंत्र के बारे में बता रहे थे। बातों के प्रवाह में उनसे गलती से राजा राममोहन राय के लिए गलत शब्द निकल गए, जिसका उन्हें गहरा दुख है और वे इसका प्रायश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि राजा राममोहन राय देश के महान समाज सुधारक हैं और वे उनका व्यक्तिगत रूप से सम्मान करते हैं।
बता दें कि विवाद तब शुरू हुआ जब मंत्री इंदर सिंह परमार ने अपने भाषण में राजा राममोहन राय को ‘अंग्रेजों का दलाल’ कह दिया था। इस बयान के बाद कांग्रेस ने उन पर जमकर हमला बोला और इस्तीफे की मांग तक कर डाली। बढ़ते विवाद के बीच मंत्री ने सफाई देते हुए कहा कि यह शब्द अनजाने में निकल गया था, और अब उन्होंने माफी मांग ली है।

