दिल्ली में कांग्रेस की कल बड़ी बैठक – SIR मुद्दे पर होगा हाई-लेवल मंथन

 भोपाल। देशभर में SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिविजन को लेकर विरोध के सुर तेज़ होते जा रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की करारी हार के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है। अब इसी को लेकर कांग्रेस ने दिल्ली में एक बड़ी और अहम बैठक बुलाने का फैसला किया है, जहां SIR पर गहन चर्चा होगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी।

इस बैठक में राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज नेता शामिल होंगे, जिनमें राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद रहेंगे। वहीं मध्य प्रदेश से पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, उमंग सिंघार और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे। सूत्रों के मुताबिक जिन राज्यों में SIR का काम चल रहा है, वहां के वरिष्ठ नेताओं को विशेष रूप से बुलाया गया है ताकि ज़मीनी परिस्थितियों को समझकर पार्टी एक मजबूत स्टैंड ले सके।

फिलहाल देश के कुल 12 राज्यों में SIR का काम जारी है—मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी, अंडमान निकोबार और लक्षद्वीप। विपक्ष लगातार आरोप लगा रहा है कि SIR के नाम पर कई तरह की अनियमितताएँ हो रही हैं और जनता में भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है।

अब कल होने वाली ये बड़ी बैठक कांग्रेस के आगे के रुख को तय करेगी और ये देखना दिलचस्प होगा कि SIR को लेकर पार्टी क्या रणनीति बनाती है और किस दिशा में कदम उठाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *