बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर और इंडस्ट्री के असली ही-मैन धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनके घर पर ही उनका निधन हो गया और इस खबर से पूरा बॉलीवुड शोक में डूब गया है। बताया जा रहा है कि 50 लोगों की मौजूदगी में मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
धर्मेंद्र के निधन की खबर सामने आते ही इंडस्ट्री के सितारे उनके घर पहुंचने लगे हैं। उनकी पत्नी और एक्ट्रेस हेमा मालिनी भी सफेद साड़ी में बेहद दुखी नज़र आईं। पूरा देओल परिवार इस वक्त गम के माहौल में घर पर मौजूद है। इसी बीच दिवंगत अभिनेता के पोते करण देओल की एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह बेहद उदास और टूटे हुए दिखाई दे रहे हैं।
कुछ समय पहले भी धर्मेंद्र को लेकर ऐसी अफवाहें फैल गई थीं। उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था और 10 नवंबर को उनकी हालत गंभीर बताई गई थी, जिसके बाद उनके निधन की गलत खबरें फैल गई थीं। लेकिन उस वक्त उनकी बेटी ईशा देओल और हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सभी अफवाहों को खारिज किया था।
आज वो अफवाह नहीं, सच्चाई बन चुकी है… और सिनेमा जगत ने अपने सबसे चमकते सितारों में से एक को हमेशा के लिए खो दिया है।

