पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 202 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है, और इसी ऐतिहासिक सफलता के बाद बीजेपी संगठन में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। चुनावी जीत को यादगार बनाने और मेहनत करने वाले नेताओं का सम्मान करने के लिए पार्टी ने अब दिल्ली में एक विशेष ‘थैंक यू डिनर’ का आयोजन किया है। इस डिनर में उन सभी नेताओं को बुलाया गया है जिनकी चुनाव के दौरान बिहार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी लगी थी।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस डिनर में मौजूद रहेंगे। इस बार पार्टी ने दिल्ली, यूपी, हरियाणा, मध्य प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान के नेताओं को मिलाकर एक खास टीम बनाई थी जिसे ‘स्पेशल 45’ नाम दिया गया था। हर नेता को एक लोकसभा क्षेत्र और उसके तहत छह विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जहां उन्होंने कई महीनों तक जमीन पर उतरकर संगठन को मजबूत करने और माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस डिनर में स्पेशल 45 के सभी सदस्य अपने अनुभव साझा करेंगे। बिहार चुनाव में केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान चुनाव प्रभारी थे, जबकि केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल और यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सह-प्रभारी बनाए गए थे। अब उनके योगदान के सम्मान में यह कार्यक्रम रखा गया है। उम्मीद है कि इनके अनुभवों के आधार पर पार्टी पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम समेत अन्य राज्यों में भी यही ‘बिहार मॉडल’ लागू करने की तैयारी करेगी।
चुनाव के दौरान मध्य प्रदेश से बीडी शर्मा और प्रह्लाद पटेल, उत्तर प्रदेश से स्वतंत्र देव सिंह, सतीश गौतम और राजकुमार चाहर, राजस्थान से राजेंद्र राठौड़, छत्तीसगढ़ से संतोष पांडे व विजय बघेल, दिल्ली से रमेश बिधूड़ी और हर्ष मल्होत्रा, गुजरात से देवुसिंह चौहान और मितेश पटेल, हरियाणा से सुनीता दुग्गल, जम्मू-कश्मीर से जुगल किशोर शर्मा, झारखंड से मनीष जायसवाल और कालिचरण सिंह, ओडिशा से अनंत नायक समेत कई नेता शामिल रहे।
अब पार्टी इन अनुभवों को राष्ट्रीय स्तर पर इस्तेमाल करने की तैयारी कर रही है, ताकि आने वाले विधानसभा चुनावों में भी विजय का यही सिलसिला जारी रखा जा सके।

