पटना। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अब राजनीति से ज़्यादा सोशल मीडिया की दुनिया में छा गए हैं। महुआ सीट से चुनाव हारने के बाद उन्होंने ट्विटर और फेसबुक को किनारे रखकर सीधे यूट्यूब और इंस्टाग्राम का रास्ता चुन लिया है। उनका नया अंदाज, नया स्टाइल और नई पहचान—सब कुछ अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर धूम मचा रहा है, और लोग उन्हें प्यार से ‘तेजू भैया’ कहकर बुला रहे हैं।
तेज प्रताप ने TY VLOG नाम से अपना नया यूट्यूब चैनल लॉन्च किया है और इसी बीच इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई उनकी पहली रील ने धमाका कर दिया। देसी अंदाज में लिट्टी-चोखा खाते हुए उनका वीडियो महज 20 घंटे में 5.5 मिलियन व्यूज पार कर गया और करीब 5.49 लाख लाइक मिल चुके हैं। इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
लोगों के कमेंट भी कमाल के हैं—किसी ने मजाक करते हुए लिखा कि “अब सौरभ जोशी का करियर खतरे में है”, तो किसी ने कहा “गांव की याद दिला दी भैया।” रिएक्शन की बाढ़ में तारीफ भी है, मजाक भी, और उनके देसी अंदाज की जमकर चर्चा भी।
तेज प्रताप हमेशा अपने अनोखे और हटके स्टाइल के लिए चर्चा में रहे हैं—कभी रॉकस्टार लुक, कभी कृष्ण भक्त का रूप, तो कभी शिवभक्त का अवतार। निजी जीवन के उतार-चढ़ाव और राजनीतिक असफलताओं के बाद उन्होंने अब एक बिल्कुल नई दिशा पकड़ ली है—जहां न रैली की भीड़ है, न राजनीति का तनाव, बल्कि कैमरा, कंटेंट और उनका देसी स्वैग… और इसी अंदाज ने उन्हें सोशल मीडिया पर फिर से ट्रेंड में ला दिया है।

