पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिज़र्व का फेमस बाघ पी-243 इन दिनों गंभीर रूप से घायल है। सोशल मीडिया पर उसका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उसकी हालत बेहद नाजुक दिखाई दे रही है। रिज़र्व प्रबंधन लगातार उसके इलाज की बात कर रहा है, लेकिन बाघ की वर्तमान स्थिति ने वन्यजीव प्रेमियों को चिंतित कर दिया है।
नियमित मॉनिटरिंग के दौरान पता चला कि पी-243 के सिर पर गहरा घाव है, जो आपसी संघर्ष की वजह से लगा था। पहले उसे प्राथमिक उपचार देकर स्थिर किया गया था, लेकिन अब उसकी हालत फिर से बिगड़ने लगी है। पन्ना टाइगर रिज़र्व के डिप्टी डायरेक्टर मोहित सूद ने पुष्टि की है कि बाघ की चोट गंभीर है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है।
वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. संजीव गुप्ता द्वारा डार्ट के माध्यम से एंटीबायोटिक और अन्य आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं। बाघ की स्थिति को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को भी रिपोर्ट भेज दी गई है, और उनके निर्देशों के अनुसार पूरे ध्यान से उपचार जारी है। देशभर के वन्यजीव प्रेमियों की नजरें इस प्रतिष्ठित बाघ की सेहत पर टिकी हुई हैं, और सभी उसके जल्द ठीक होने की उम्मीद कर रहे हैं।

