नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां कुकड़ेश्वर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जारी विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम श्योपुरिया चक्कीवाला के एक खेत में गेहूं और रायड़ा की फसल की आड़ में चल रही अवैध गांजा खेती का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने यहां से करीब 3.25 क्विंटल यानी लगभग 15 हजार हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई कुकड़ेश्वर, रामपुरा और मनासा थानों की संयुक्त टीम ने की। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सर्वे नंबर 108 की भूमि पर अवैध रूप से उगाई गई फसल को नष्ट कर कब्जे में लिया। फिलहाल भूमि स्वामी की जानकारी और उसकी संलिप्तता की जांच के लिए राजस्व विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है।

