17 दिसंबर को विधानसभा का विशेष सत्र, विकसित मध्यप्रदेश के मुद्दे पर होगी व्यापक चर्चा, कांग्रेस ने बुलाई विधायक दल की बैठक

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र 17 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि 17 दिसंबर को प्रदेश की पहली विधानसभा का गठन हुआ था और इसी ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने के लिए विशेष सत्र बुलाया गया है। इस सत्र में सभी विधायक विकसित मध्यप्रदेश के विजन पर चर्चा करेंगे और राज्य को आत्मनिर्भर व समृद्ध बनाने के लक्ष्य पर मंथन होगा। चर्चा से निकलने वाले निष्कर्षों के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी, जिसे प्रभावी कदम माना जा रहा है।

विधानसभा के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस ने भी अपनी रणनीति तय करने की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस विधायक दल की बैठक कल शाम 7:30 बजे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के निवास पर बुलाई गई है। बैठक में प्रदेश की आर्थिक स्थिति, किसानों, युवाओं, महिलाओं, आदिवासियों, दलितों, पिछड़े और कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ विकास से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी। कांग्रेस विशेष सत्र में प्रदेश को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने के मुद्दे पर अपनी बात मजबूती से रखने की तैयारी में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *