ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का एक और खतरनाक मामला सामने आया है, जहां चलती कार में एक युवक खुले गेट पर लटकता नजर आया, जबकि कार में साथ बैठी युवती भी बाहर निकलकर लटकने की कोशिश करती दिखी। पीछे चल रहे वाहन सवारों ने इस पूरी हरकत का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो कटोरा ताल रोड का है। युवक जैसे ही यह समझ पाया कि उसकी हरकत कैमरे में कैद हो रही है, वह तुरंत कार के अंदर घुस गया और गेट बंद कर लिया, लेकिन तब तक वीडियो रिकॉर्ड हो चुका था। वीडियो वायरल होने के बाद मामला ट्रैफिक पुलिस तक पहुंच गया है और अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी ग्वालियर में चलती गाड़ियों में स्टंटबाजी और ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर जान जोखिम में डालने के कई वीडियो सामने आ चुके हैं। यातायात पुलिस ने ऐसे मामलों में कार्रवाई भी की है और लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। अब देखने वाली बात यह होगी कि इस वायरल वीडियो के मामले में पुलिस कब और क्या कार्रवाई करती है।

