स्वास्थ्य विभाग के इंजेक्शन से मचा हड़कंप, वैक्सीन लगते ही बिगड़ी बच्चों की हालत, एक मासूम की मौत

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले से स्वास्थ्य विभाग को कटघरे में खड़ा करने वाला मामला सामने आया है, जहां वैक्सीन लगने के बाद एक मासूम की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन डॉक्टरों के पैनल ने मृत बच्चे का पोस्टमार्टम किया है और विसरा जांच के लिए भेजा गया है।

दरअसल भांडेर ब्लॉक के ककरौआ गांव में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची थी, जहां पांच बच्चों को पेंटावन कोर्स की वैक्सीन लगाई गई थी और पोलियो ड्रॉप्स भी पिलाई गई थीं। ग्रामीणों के मुताबिक वैक्सीन लगने के कुछ ही घंटों बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और शनिवार सुबह एक मासूम ने दम तोड़ दिया, जबकि तीन बच्चे गंभीर रूप से बीमार हो गए।

घटना से गुस्साए ग्रामीण बच्चों को लेकर कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े के बंगले पहुंचे, जहां उनकी बात सुनने के बाद सभी बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। फिलहाल तीनों बीमार बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टरों की निगरानी में रखे गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सभी बीमार बच्चे खतरे से बाहर हैं और उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। पूरे मामले की विभागीय जांच जारी है, वहीं पुलिस भी अलग से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने और मासूम की मौत की असली वजह क्या रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *