भोपाल। मध्य प्रदेश में आज डॉ मोहन यादव कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें प्रदेश के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मंजूरी दी जा सकती है। बैठक का मुख्य फोकस सड़क परियोजनाओं पर रहेगा, जहां मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम की ओर से एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का प्रस्ताव कैबिनेट के सामने रखा जाएगा।
इस प्रस्ताव के तहत 62.795 किलोमीटर लंबे बड़वाह–धामनोद टू-लेन मार्ग को फोर-लेन मय पेव्ड शोल्डर में बदला जाएगा। यह परियोजना हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल के तहत 40:60 के अनुपात में तैयार की जाएगी, जिसकी कुल अनुमानित लागत करीब 2508.21 करोड़ रुपये है। इस परियोजना की सिविल लागत 982.56 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह सड़क बड़वाह, मंडलेश्वर, महेश्वर और धामनोद से होकर गुजरेगी और दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्गों एनएच-52 इंदौर–सेंधवा–मुंबई और एनएच-347बी इंदौर–बुरहानपुर–एदिलाबाद को आपस में जोड़ेगी, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट बैठक में इसके अलावा भी कई अन्य अहम प्रस्तावों पर निर्णय लिया जा सकता है, जिनका सीधा असर प्रदेश के विकास और बुनियादी ढांचे पर पड़ेगा।

