जानवरगीरी मत करिए प्लीज… ग्वालियर गौरव दिवस पर बेकाबू भीड़ से नाराज हुए कैलाश खेर, लाइव शो छोड़कर मंच से उतरे मशहूर सिंगर

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर गौरव दिवस कार्यक्रम में उस वक्त हंगामा मच गया, जब मशहूर सूफी और बॉलीवुड सिंगर कैलाश खेर की लाइव परफॉर्मेंस के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई। मंच से बार-बार अपील के बावजूद जब हालात नहीं संभले तो कैलाश खेर ने गुस्से में भीड़ को जानवर कह दिया, जिसके बाद माहौल और ज्यादा बिगड़ गया और शो को तत्काल बंद करना पड़ा।

भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री और ग्वालियर के लाडले सपूत स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती को ग्वालियर गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा था। इसी अवसर पर मेला मैदान में अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट के सभा डोम में भव्य आयोजन किया गया, जहां कैलाश खेर की प्रस्तुति रखी गई थी। सुरक्षा कारणों से मंच और दर्शकों के बीच करीब 20 फीट से ज्यादा का फासला रखा गया था, क्योंकि कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी थी।

परफॉर्मेंस के दौरान कैलाश खेर ने दर्शकों से थोड़ा आगे आने की अपील की, लेकिन यही बात भीड़ के लिए संकेत बन गई। देखते ही देखते लोग बेरिकेड्स तोड़ते हुए स्टेज के पास पहुंचने लगे और हुड़दंग मच गया। हालात बिगड़ते देख कैलाश खेर ने गाना रोक दिया और मंच से कहा कि अगर जानवरों जैसी हरकतें होंगी तो शो बंद करना पड़ेगा।

कैलाश खेर की यह बात सुनते ही भीड़ और ज्यादा उग्र हो गई। स्थिति काबू से बाहर जाती देख मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा बलों को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को पीछे हटाना पड़ा। वहीं दूसरी ओर माहौल से आहत और नाराज कैलाश खेर ने मंच छोड़ दिया और कार्यक्रम अधूरा रह गया।

बताया जा रहा है कि कैलाश खेर को शाम 7 बजे मंच पर आना था, लेकिन वे करीब डेढ़ घंटे की देरी से रात साढ़े आठ बजे पहुंचे। लंबे इंतजार के बाद जब उन्होंने गाना शुरू किया तो दर्शक झूम उठे थे, लेकिन कुछ ही देर में अव्यवस्था और हुड़दंग ने पूरे आयोजन की रंगत बिगाड़ दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *