जब तक सीधी में ट्रेन नहीं आएगी, न माला पहनूंगा न स्वागत कराऊंगा, सांसद राजेश मिश्रा का कड़ा संकल्प, बोले– कार्यकर्ताओं को पहले ही संदेश दे दीजिए

मध्य प्रदेश के सीधी लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजेश मिश्रा ने अपने क्षेत्र की सालों पुरानी मांग को लेकर एक भावुक लेकिन सख्त संकल्प लिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि जब तक सीधी जिले में ट्रेन की सुविधा शुरू नहीं हो जाती, तब तक वे किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में न तो माला पहनेंगे और न ही फूलों से स्वागत स्वीकार करेंगे। यह बात उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस संजय गांधी शासकीय स्मृति महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।

सांसद ने मंच से बताया कि ललितपुर–सिंगरौली रेल परियोजना सालों से अटकी हुई है और बार-बार मांग उठाने के बावजूद अब तक क्षेत्र को ट्रेन की सौगात नहीं मिल सकी है। उन्होंने जिला अध्यक्ष से आग्रह किया कि वे सभी कार्यकर्ताओं को पहले ही संदेश दे दें कि किसी भी कार्यक्रम में उनके स्वागत के लिए माला न लाई जाए। राजेश मिश्रा ने कहा कि रेल सुविधा के अभाव में क्षेत्र के छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और गंभीर मरीज रोजाना भारी परेशानियों से जूझ रहे हैं, और जब तक यह मूलभूत जरूरत पूरी नहीं होती, तब तक उनका यह संकल्प जारी रहेगा।

गौरतलब है कि सांसद राजेश मिश्रा इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। सड़क की मांग कर रही गर्भवती महिला और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीला साहू को लेकर दिए गए उनके बयान पर देशभर में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं। एक बार फिर सांसद का यह नया संकल्प राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *