CM डॉ. मोहन के कार्यक्रम में बदलाव: उमरिया से सीधे इंदौर पहुंचेंगे, पीड़ित परिवारों और मरीजों से करेंगे मुलाकात

इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपना कार्यक्रम बदल दिया है। उमरिया दौरे के बाद अब वे भोपाल लौटने के बजाय सीधे इंदौर जाएंगे, जहां प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे और अस्पतालों में भर्ती मरीजों का हालचाल जानेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन दिनों उमरिया प्रवास पर हैं। मंगलवार सुबह उन्होंने एलिफेंट रेस्क्यू सेंटर का दौरा किया, इसके बाद पाली स्थित मां बिरासनी के दर्शन करेंगे और फिर स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सभी औपचारिकताओं के बाद सीएम सीधे इंदौर के लिए रवाना होंगे।

इंदौर के दूषित पानी मामले में मौत के आंकड़ों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार तीन लोगों की मौत दर्ज की गई है, कलेक्टर की जानकारी में चार मौतें हुई हैं, जबकि महापौर पुष्यमित्र भार्गव का कहना है कि भागीरथपुरा इलाके में गंदा पानी पीने से अब तक सात लोगों की जान जा चुकी है। महापौर ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात भी कही है।

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया है कि स्वास्थ्य विभाग से चार मौतों की पुष्टि हुई है और फिलहाल 27 अस्पतालों में 147 मरीज भर्ती हैं। सभी अस्पतालों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी मरीज से इलाज के नाम पर कोई शुल्क न लिया जाए। मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है और अब तक तीन अधिकारियों पर कार्रवाई भी हो चुकी है।

प्रशासन के मुताबिक बीते सात दिनों में 1100 से ज्यादा लोगों का इलाज किया जा चुका है। मुख्यमंत्री का इंदौर दौरा इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि वे खुद हालात का जायजा लेकर पीड़ितों से संवाद करेंगे और पूरे मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर दिशा तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *