इंदौर में दूषित पानी से 4 लोगों की मौत, अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरा, कहा- ये लोग अरावली पहाड़ियों को काटने को तैयार

लखनऊ। इंदौर में दूषित पानी से अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है और 149 लोग बीमार पड़े हैं।

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना पर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

अखिलेश ने कहा कि इंदौर नगर निगम को कई बार सफाई और अन्य उपलब्धियों के लिए अवॉर्ड मिले हैं, फिर भी पीने के पानी की हालत इतनी खराब है कि लोग मौत के घाट उतर रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे हालात के लिए कौन जिम्मेदार है, जब हर कोई इस आपदा को देख रहा है।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वे सिर्फ दिखावा करते हैं, नदियों की सफाई का दावा करते हैं, लेकिन हकीकत में अरावली पहाड़ियों को काटने को तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने कहा था वे मां गंगा को साफ करेंगे, लेकिन आज गंगा का पानी पीने लायक नहीं रहा, यमुना में नहाने से खुजली होती है, ऐसे लोगों से क्या उम्मीद की जा सकती है जो झूठ बोलते हैं।

इसी बीच, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी भाजपा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से इस्तीफा मांगा है।

पटवारी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जहरीले पानी से मौतों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन भाजपा नेताओं का अहंकार और बेशर्मी जस की तस बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि मंत्री जी पत्रकारों पर अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं जबकि पीड़ितों को न तो मुफ्त इलाज मिल रहा है और न ही कोई संवेदना दिखाई दे रही है।

जीतू पटवारी ने कहा कि यदि थोड़ी भी शर्म बची है तो ऐसे बदतमीज मंत्रियों को नैतिकता के आधार पर तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *