भोपाल। नए साल के पहले ही दिन मध्य प्रदेश कांग्रेस ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भोपाल के पास कोड़िया देवका गांव पहुंचे, जहां उन्होंने ‘गांव चलो–बूथ चलो’ अभियान की शुरुआत की और खुद गांव कमेटी का गठन किया। इस मौके पर पटवारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और कांग्रेस की सोच व नीतियों को उनके सामने रखा।
जीतू पटवारी ने कहा कि इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश के हर गांव, हर पंचायत और हर बूथ तक कांग्रेस का संगठन खड़ा किया जाएगा। 1 जनवरी से शुरू हुआ यह अभियान आने वाले महीनों में पूरे मध्य प्रदेश में फैलेगा, ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत किया जा सके और आने वाली राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को तैयार किया जा सके।
कोड़िया गांव में कमेटी गठन के बाद पटवारी अन्य गांवों का भी दौरा करेंगे और आम लोगों से सीधा संपर्क करेंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ‘गांव चलो–बूथ चलो’ अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और वार्ड, पंचायत और मंडल स्तर तक संगठन के पुनर्गठन से कांग्रेस की जड़ें और मजबूत होंगी।

