ऐतिहासिक धार भोजशाला मामला, 23 जनवरी को नमाज अदा करने को लेकर मुस्लिम समुदाय ने ASI के नाम SDM को सौंपा ज्ञापन

धार। मध्य प्रदेश के धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला परिसर में नमाज अदा करने के बाद कमाल मौला इंतजामिया कमेटी की ओर से आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के नाम एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि 23 जनवरी 2026 शुक्रवार को राष्ट्रीय संरक्षित स्मारक भोजशाला कमाल मौला मस्जिद धार में जुम्मे की नमाज का आयोजन पूरी तरह निर्बाध, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से कराया जाए तथा इसे राज्य के वैधानिक दायित्व के तहत सुनिश्चित किया जाए।

कमाल मौला मस्जिद नमाज इंतजामिया कमेटी के सदस्य जुल्फिकार पठान ने बताया कि आज ज्ञापन प्रस्तुत किया गया है और उन्होंने 7 अप्रैल 2003 को आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया द्वारा जारी आदेश का हवाला देते हुए कहा कि उसके तहत भोजशाला परिसर में नमाज की अनुमति पहले से है।

इसी क्रम में 23 जनवरी को पड़ने वाली जुम्मे की नमाज के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए प्रशासन से सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

वहीं, एसडीएम राहुल गुप्ता ने बताया कि मुस्लिम समुदाय की ओर से ज्ञापन प्राप्त हुआ है और उसे आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को अग्रेषित कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *