CM डॉ. मोहन ने खाचरोद को दी बड़ी सौगात, 75 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण, जिला अध्यक्ष के बेटे की शादी में भी हुए शामिल

 उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन जिले के खाचरोद को बड़ी विकास सौगात दी और करीब 75 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लिए कई अहम घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री आज अपने गृह जिले के खाचरोद और नागदा क्षेत्र के दौरे पर रहे। सबसे पहले वे नागदा पहुंचे, जहां भाजपा जिला अध्यक्ष के बेटे के विवाह समारोह में शामिल हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री खाचरोद पहुंचे और वहां आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 75 करोड़ रुपये की लागत से बने विकास कार्यों का लोकार्पण किया, जिसमें सांदीपनि विद्यालय और कृषि उपज मंडी प्रांगण शामिल हैं। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने खाचरोद क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि किसानों को आगे बढ़ाने और उनकी आय बढ़ाने के लिए वर्ष 2026 को किसानों के विकास के लिए समर्पित किया जाएगा।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक तेज बहादुर सिंह चौहान, क्षेत्रीय सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद उमेशनाथ गिरी, नगर पालिका अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *