ग्वालियर। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की फोटो जलाने के मामले में एडवोकेट अनिल मिश्रा समेत सात आरोपियों की जमानत याचिका पर अब हाईकोर्ट की स्पेशल बेंच सुनवाई करेगी। मामले को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
शुक्रवार को एट्रोसिटी विशेष न्यायाधीश के अवकाश पर रहने के कारण आरोपियों की जमानत याचिका JMFC कोर्ट में पेश की गई थी, जहां से आवेदन खारिज कर दिया गया। इस प्रकरण में अनिल मिश्रा सहित सात नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद सभी आरोपियों को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
आरोप है कि अनिल मिश्रा ने डॉ. भीमराव अंबेडकर का पोस्टर जलाया और अपमानजनक नारे लगाए। शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच ने एफआईआर दर्ज कर देर रात अनिल मिश्रा को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि वे गुरुवार रात मुरैना में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। शुक्रवार को कोर्ट में पेशी के बाद सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

