नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की दवा दुकान पर ड्रग इंस्पेक्टर ने छापामार कार्रवाई की है। टॉकीज रोड स्थित इस दवा दुकान को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद जांच की गई और दुकान संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि इस जन औषधि केंद्र पर लंबे समय से नियमों के खिलाफ दवाइयों की बिक्री की शिकायतें सामने आ रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर जब दुकान की जांच की गई तो कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं, जो दवा नियमों का सीधा उल्लंघन मानी जा रही हैं।
कार्रवाई के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने साफ कहा कि नरसिंहपुर जिले में जहां-जहां से भी इस तरह की शिकायतें मिलेंगी, वहां बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस छापेमारी के बाद इलाके के दवा दुकानदारों में हड़कंप मच गया है और विभाग की कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में दवा कारोबारियों में चिंता का माहौल बन गया है।

