सिंगरौली नगर निगम वार्ड 34 उपचुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत, भाजपा को लगा करारा झटका

सिंगरौली। सिंगरौली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 34 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी विजय शाह ने भाजपा उम्मीदवार को भारी मतों से हराते हुए वार्ड पर पार्टी की मजबूत पकड़ को एक बार फिर साबित कर दिया है। जनता ने विजय शाह को जीत का आशीर्वाद देकर कांग्रेस पर अपना भरोसा जताया है।

उपचुनाव के नतीजों के अनुसार कुल 735 वोट पड़े, जिनमें कांग्रेस के विजय शाह को 417 मत मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार को 244 वोट प्राप्त हुए और डीएसपी को 66 वोटों से संतोष करना पड़ा। इस तरह कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत के साथ यह मुकाबला अपने नाम किया और भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा।

भाजपा की ओर से जिला अध्यक्ष, राज्य मंत्री और विधायक ने उम्मीदवार के समर्थन में जोरदार प्रचार किया, लेकिन मतदाताओं पर इसका कोई खास असर नहीं दिखा। वार्ड 34 में कांग्रेस की पारंपरिक मजबूती एक बार फिर सामने आई और स्थानीय विकास, जल निकासी और साफ-सफाई जैसे मुद्दों पर जनता ने कांग्रेस को तरजीह दी।

जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है और पार्टी नेताओं का कहना है कि यह जीत जनता के भरोसे की जीत है, जिससे सिंगरौली में कांग्रेस की जड़ें और मजबूत हुई हैं। वहीं विजय शाह की जीत से क्षेत्र के लोग उम्मीद जता रहे हैं कि नए पार्षद के नेतृत्व में वार्ड के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *