दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने अचानक खून-खराबे का रूप ले लिया और पड़ोसी ने पति-पत्नी और उनके बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
आंगन में कचरा डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद
यह पूरी घटना हटा थाना क्षेत्र के कंजरा गांव की है, जहां सुबह घर की साफ-सफाई के दौरान कल्लो बाई के आंगन में पड़ोसी बलराम सिंह ने कचरा झाड़ दिया, इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बहस से हिंसा तक पहुंचा मामला
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बलराम सिंह ने कुल्हाड़ी उठा ली और कल्लो बाई, उनके पति ज्ञान सिंह और बेटे महेंद्र सिंह पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में पति-पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल
कुल्हाड़ी के हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें परिजनों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर दो घायलों को जबलपुर रेफर कर दिया गया।
एक घायल जिला अस्पताल में भर्ती
डॉक्टरों के मुताबिक एक घायल का जिला अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि बाकी दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी पड़ोसी बलराम सिंह की सरगर्मी से तलाश की जा रही है, पूरे मामले की जांच जारी है।

