पानी की टंकी पर चढ़ा बीजेपी नेता, विजयपुर में मचा हड़कंप! मीट मार्केट और शव वाहन की मांग को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा

श्योपुर। मध्य प्रदेश के विजयपुर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब भारतीय जनता पार्टी का एक स्थानीय पदाधिकारी अचानक बस स्टैंड स्थित पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस-प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, टंकी पर चढ़े युवक की पहचान सौरभ सिंह जादौन के रूप में हुई है, जो भाजपा विजयपुर नगर के सोशल मीडिया प्रभारी बताए जा रहे हैं। उनकी मांग थी कि शहर के बीचों-बीच संचालित मीट मार्केट को तत्काल हटाया जाए और नगर पालिका क्षेत्र में शव वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

भाजपा नेता का आरोप है कि मीट मार्केट को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि हाल ही में आयोजित जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को इसी इलाके से गुजरना पड़ा, जहां गंदगी और दुर्गंध के कारण कुछ लोगों की तबीयत भी बिगड़ गई थी।

इसके साथ ही उन्होंने विजयपुर में शव वाहन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि अंतिम संस्कार के समय कई परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और इस दिशा में प्रशासन को गंभीरता से काम करना चाहिए।

करीब एक घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार भाजपा नेता को समझाने का प्रयास करते रहे। आखिरकार अधिकारियों ने उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद वे सुरक्षित नीचे उतर आए।

फिलहाल, इस घटना ने पूरे विजयपुर में चर्चा का विषय बना दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन भाजपा नेता द्वारा उठाई गई मांगों पर क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *