जबलपुर में भी दूषित पानी कांड का साया: इंदौर में पढ़ाई कर रहा छात्र बीमार, गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती

 जबलपुर मध्य प्रदेश के इंदौर में सामने आए बहुचर्चित दूषित पानी कांड की गूंज अब जबलपुर तक पहुंच गई है। इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रहे एक छात्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जबलपुर के अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। परिजनों के मुताबिक फिलहाल छात्र की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, लेकिन स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्र आदित्य मिश्रा इंदौर के भवरकुआं इलाके में रहता था। आदित्य के पिता का आरोप है कि सरकारी नल का दूषित पानी पीने से उसके बेटे की तबीयत बिगड़ी। पहले उसे इंदौर के मेट्रो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक आदित्य को हेपेटाइटिस ए, लीवर में इंफेक्शन और गॉल ब्लैडर में सूजन की शिकायत है। बताया जा रहा है कि आदित्य मिश्रा बीबीए की पढ़ाई के लिए इंदौर गया था और इसी दौरान वह ट्रैकिंग के लिए उत्तराखंड भी गया था।

मामले में डॉक्टर शैलेन्द्र सिंह राजपूत का कहना है कि छात्र हाल ही में उत्तराखंड ट्रैकिंग पर गया था, ऐसे में अगर वह पहले से बीमार होता तो ट्रैकिंग पर जाना संभव नहीं होता। डॉक्टरों का मानना है कि हो सकता है रास्ते में कुछ खाने-पीने की वजह से तबीयत बिगड़ी हो, क्योंकि उत्तराखंड में भी उसके इलाज की बात सामने आ रही है। डॉक्टर ने कहा है कि फिलहाल विस्तृत जांच की जा रही है और पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *