इंदौर भागीरथपुरा के बाद कृष्णबाग कॉलोनी में भी दूषित पानी का कहर, बच्चों समेत चार लोग बीमार

इंदौर। इंदौर के भागीरथपुरा के बाद अब कृष्णबाग कॉलोनी से भी दूषित पानी को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। कॉलोनी के एक परिवार का दावा है कि घर में सप्लाई हो रहे दूषित पानी को पीने के बाद बच्चों समेत चार लोग बीमार हो गए हैं। कृष्णबाग कॉलोनी के मकान नंबर 544 में रहने वाली रंजना पंवार ने बताया कि पानी पीते ही घर के सदस्यों को उल्टियां शुरू हो गईं।

रंजना पंवार के मुताबिक डेढ़ साल की बच्ची, पांच साल की बच्ची, आठ महीने का बच्चा और एक बुजुर्ग महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी में उल्टी, कमजोरी और बेचैनी जैसे लक्षण सामने आए हैं, जिसके बाद परिवार दहशत में है।

निगम की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। रंजना पंवार का आरोप है कि जब उन्होंने नगर निगम में शिकायत की तो कर्मचारियों ने मदद करने के बजाय यह सवाल कर दिया कि क्या सिर्फ आपके ही घर में लोग बीमार हुए हैं और क्या दूसरों को कोई परेशानी नहीं हो रही।

भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद भी नगर निगम की लापरवाही सामने आ रही है और अब वही हालात कृष्णबाग कॉलोनी में बनते नजर आ रहे हैं। स्थानीय रहवासी ज्योति सोलंकी ने बताया कि उनके घर में सास की तबीयत बिगड़ गई है और डॉक्टरों ने बीमारी की वजह पानी को बताया है।

लोगों का कहना है कि लगातार हेल्पलाइन पर शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। बड़ा सवाल यह है कि क्या नगर निगम किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *