योगी कैबिनेट की बैठक आज: अहम प्रस्तावों पर मंथन, नए साल में मिल सकता है बड़ा तोहफा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज योगी कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। लखनऊ स्थित लोक भवन में सुबह 11 बजे कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी, जिसे मंत्रिमंडल विस्तार के बीच बेहद अहम माना जा रहा है। इस बैठक में प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी।

माना जा रहा है कि नए साल की शुरुआत में योगी सरकार प्रदेशवासियों को एक और बड़ी राहत देने की तैयारी में है। कृषि और आवासीय भूमि के बाद अब औद्योगिक और व्यावसायिक संपत्तियों को भी गिफ्ट डीड के दायरे में लाने का प्रस्ताव कैबिनेट के सामने रखा जाएगा। इसके साथ ही उद्योग विभाग द्वारा तैयार की गई ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर की गाइडलाइन पर भी कैबिनेट की मुहर लगने की संभावना है।

कैबिनेट बैठक के एजेंडे में पीलीभीत में नए बस स्टेशन के निर्माण के लिए भूमि आवंटन का प्रस्ताव भी शामिल है। वहीं बैठक के दौरान सामाजिक समीकरण और क्षेत्रीय संतुलन को साधने पर भी विशेष फोकस रहने की उम्मीद है। कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर 12 बजे लोक भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फैसलों की जानकारी मीडिया से साझा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *