इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले में प्रशासन ने 18 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है। इनमें से 15 पीड़ित परिवारों को मुआवजा दे दिया गया है, जबकि बाकी तीन लोगों के खाते खुलवाकर आरटीजीएस के जरिए राशि ट्रांसफर की जाएगी। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बुधवार को एक बार फिर शहर का दौरा कर हालात का जायजा लिया और सरकार पर तीखा हमला बोला।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि मीडिया रिपोर्ट्स और मेडिकल दस्तावेजों के आधार पर जिन-जिन मामलों की पुष्टि हुई है, सभी पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के सख्त निर्देश हैं और जिनकी मेडिकल रिपोर्ट अभी आनी बाकी है, उनकी भी जांच की जा रही है। कलेक्टर ने साफ किया कि आगे और रिपोर्ट्स आने की संभावना है और जैसे ही पुष्टि होगी, सहायता दी जाएगी।
वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मदीना नगर पहुंचकर दूषित पानी की खुद टेस्टिंग की और भागीरथपुरा, खजराना, कनाडिया समेत कई इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए गंभीर सवाल खड़े किए। सिंघार ने ऐलान किया कि कांग्रेस पार्टी 11 जनवरी को गंदे पानी के मुद्दे को लेकर बड़ा प्रदर्शन करेगी।
इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष ने लोगों से अपील की कि वे खुद भी जागरूक रहें और अपने इलाके के पानी की नियमित जांच कराएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

