नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने लगा। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मामला तेंदूखेड़ा का है, जहां युवक का आरोप है कि कुछ महिलाओं ने उसके खिलाफ थाने में झूठी शिकायत दर्ज करवाई है। इसी बात से नाराज होकर वह टावर पर चढ़ गया और खुद को बेगुनाह बताते हुए जोर-जोर से इंसाफ की मांग करने लगा। युवक ने कहा कि अगर वह दोषी है तो उसे जेल भेजा जाए, लेकिन अगर आरोप झूठे हैं तो शिकायत करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
युवक ने सही और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए काफी देर तक टावर पर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाइश दी। अंततः थाना प्रभारी द्वारा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद युवक नीचे उतरा, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

