सतना। मध्य प्रदेश के सतना शहर से एक बेहद चौंकाने और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां स्कूल में अनुशासन के नाम पर एक यूकेजी की छात्रा के साथ कथित क्रूरता की गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अमौधा स्थित सीएमए विद्यालय में होमवर्क नहीं करने पर इंग्लिश पढ़ाने वाली शिक्षिका द्वारा मासूम बच्ची को थप्पड़ मारने का आरोप है। बताया जा रहा है कि थप्पड़ लगते ही बच्ची संतुलन खो बैठी और नीचे गिर गई, जिससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया।
पीड़ित छात्रा चौहान नगर पतेरी निवासी संजय शर्मा की बेटी है और यूकेजी कक्षा में पढ़ती है। परिजनों के अनुसार बच्ची रोज की तरह स्कूल गई थी, लेकिन होमवर्क पूरा न होने पर शिक्षिका सपना खरे ने उसे थप्पड़ मार दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में डॉक्टरों ने उसके हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि की।
घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची के पिता अमौधा थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल में बच्चों के साथ अनुशासन के नाम पर शारीरिक हिंसा की जा रही है, जो न सिर्फ अमानवीय है बल्कि कानूनन अपराध भी है। परिजनों ने दोषी शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि जब परिजनों ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज मांगे तो विद्यालय प्रबंधन ने देने से इनकार कर दिया। वहीं विद्यालय की प्राचार्य ने भी मीडिया से दूरी बनाते हुए पूरे मामले पर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

