शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर नगर पंचायत में इन दिनों सियासी घमासान मचा हुआ है और हालात इस कदर बिगड़ गए हैं कि मामला थाने तक पहुंच गया है। नगर पंचायत की राजनीति अब खुलकर अखाड़े में बदलती नजर आ रही है।
पिछोर नगर पंचायत के सीएमओ आनंद शर्मा ने नगर पंचायत अध्यक्ष कविता पाठक के पति विकास पाठक और एक पार्षद पति कपिल मिश्रा के खिलाफ पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। सीएमओ की शिकायत में दोनों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने और धमकाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद विवाद और गहरा गया है, क्योंकि नगर पंचायत अध्यक्ष और कांग्रेस नेता कविता पाठक ने भी सीएमओ आनंद शर्मा के खिलाफ पुलिस में आवेदन दिया है। अपने शिकायती पत्र में उन्होंने सीएमओ पर गाली-गलौज करने, अपमानित करने और अभद्र व्यवहार करने जैसे आरोप लगाए हैं।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि के बीच इस टकराव की चर्चा पूरे नगर में फैल चुकी है और मामला अब कानून के दायरे में पहुंच गया है। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के बाद तय की जाएगी।

