जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में एक यात्री की जान चली गई। यह घटना मुंबई-हावड़ा मेल से जुड़ी बताई जा रही है, जिसने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को झकझोर कर रख दिया।
यह हादसा जबलपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर हुआ, जब यात्री गाड़ी संख्या 12322 मुंबई-हावड़ा मेल में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। ट्रेन के चलने के दौरान संतुलन बिगड़ने से यात्री फिसल गया और प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल यात्री को तुरंत इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान घमापुर निवासी पवन सतनामी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है, वहीं यह हादसा एक बार फिर चलती ट्रेन में चढ़ने के खतरे की गंभीर चेतावनी बनकर सामने आया है।

