सपा विधायक विजय सिंह गोंड का निधन, 71 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस, दोनों किडनियां हो चुकी थीं खराब

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक विजय सिंह गोंड का 71 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने लखनऊ के एसजीपीजीआई में अंतिम सांस ली। विजय सिंह लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनकी दोनों किडनियां खराब हो जाने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

विजय सिंह गोंड दुद्धी विधानसभा सीट से आठ बार विधायक रहे और आदिवासी समाज की एक सशक्त और मजबूत आवाज के रूप में पहचाने जाते थे। निधन की खबर मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अस्पताल के लिए रवाना हो गए। सरल, सहज और संघर्षशील छवि वाले विजय सिंह जनता के बीच बेहद लोकप्रिय थे और विधानसभा में दुद्धी क्षेत्र के पिछड़ेपन तथा आदिवासी अधिकारों को लेकर लगातार मुखर रहते थे।

विजय सिंह गोंड के निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जमीनी नेता बताते हुए कहा कि विजय सिंह गोंड का पूरा जीवन जनसेवा और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *