इंदौर। प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल एमवाय अस्पताल एक बार फिर गंभीर लापरवाही को लेकर चर्चा में आ गया है। चूहा कांड के बाद अब चेस्ट वार्ड में नर्स की गलती से डेढ़ माह के मासूम बच्चे का अंगूठा कटने की घटना सामने आई है, जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
बेटमा से निमोनिया के इलाज के लिए भर्ती मासूम बच्चे के हाथ में लगे टेप को नर्स कैंची से काट रही थी, इसी दौरान लापरवाहीवश कैंची बच्चे के अंगूठे पर लग गई और अंगूठा कट गया। घटना के बाद परिजन भड़क उठे और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित नर्स को सस्पेंड कर दिया है, वहीं तीन नर्सिंग इंचार्ज का वेतन भी रोक दिया गया है। घटना के बाद बच्चे को तुरंत इंदौर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया, जहां प्लास्टिक सर्जन की टीम ने ऑपरेशन कर कटे हुए अंगूठे को सफलतापूर्वक ठीक कर दिया। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया के मुताबिक फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है और उसे निगरानी में रखा गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी एमवाय अस्पताल उस वक्त विवादों में आया था, जब नवजात बच्चों को चूहों द्वारा कुतरे जाने की घटनाएं सामने आई थीं। लगातार सामने आ रही ऐसी लापरवाहियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

