पानी पाउच पैकिंग फैक्ट्री पर छापा, अमानक पॉलीथिन में हो रही थी पैकिंग

जबलपुर। मध्य प्रदेश में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के बाद प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है और लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी कड़ी में जबलपुर में एक पानी पाउच पैकिंग फैक्ट्री पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है, जहां अमानक पॉलीथिन में पानी की पैकिंग की जा रही थी।

जांच के दौरान सामने आया कि पंकज ट्रेडिंग कंपनी में अवैध तरीके से पानी को पाउच में भरा जा रहा था। जब प्रशासन की टीम फैक्ट्री पहुंची तो मौके पर अमानक पॉलीथिन का इस्तेमाल कर पानी की पैकिंग करते हुए पाया गया, जो सीधे तौर पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ है।

कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन ने फैक्ट्री और वहां लगी मशीनों को सील कर दिया और करीब 500 बोरियों में भरे पानी के पाउच जब्त किए गए। यह पूरी कार्रवाई नगर निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई है।

प्रशासन का कहना है कि मिलावट और अवैध पैकिंग के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम जनता की सेहत के साथ कोई समझौता न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *