इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कॉल सेंटर में काम करने वाली युवती पर लगातार धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था। पीड़िता की शिकायत पर लसूड़िया थाना पुलिस ने धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी युवक का नाम अब्दुल कलाम है, जो कॉल सेंटर में एमओ के पद पर कार्यरत था। पीड़िता का आरोप है कि काम के दौरान आरोपी लगातार उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाता रहा और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने कॉल सेंटर की नौकरी छोड़ दी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। कंपनी का दो महीने का नोटिस पीरियड चल रहा था, जिसके चलते युवती रोजाना ऑफिस जा रही थी और इसी दौरान आरोपी रास्ते में भी उसे परेशान करता रहा।
लगातार उत्पीड़न से तंग आकर एक दिन युवती का सब्र जवाब दे गया और उसने बीच सड़क आरोपी की जूतों से पिटाई कर दी। इसके बाद युवती ने पूरे मामले की शिकायत लसूड़िया थाने में दर्ज कराई।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर धार्मिक स्वतंत्रता कानून के तहत केस दर्ज कर लिया गया है, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा और उनकी धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

