मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष को पुलिस ने उनके घर से हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि तीन थानों की पुलिस ने सबलगढ़ विधानसभा के युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक पचौरी को उनके आवास से उठाया है।
दरअसल शहर में लगातार बढ़ रही लूट, डकैती और हत्या जैसी आपराधिक घटनाओं के विरोध में अभिषेक पचौरी ने 10 तारीख को थाने के घेराव का ऐलान किया था। इसी घेराव से पहले पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की है।
पुलिस ने रात के समय ही कांग्रेस नेता के तीन से चार समर्थकों को भी हिरासत में ले लिया था। इसके बाद सुबह अभिषेक पचौरी को भी घर से उठा लिया गया, जिससे इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में अंकित माहौर की हत्या के मामले को लेकर भी अभिषेक पचौरी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। घेराव से पहले की गई इस कार्रवाई को लेकर विपक्ष पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहा है, जबकि पूरे मामले को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

