बड़वानी। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी शनिवार सुबह बड़वानी जिले के राजपुर विधानसभा क्षेत्र में स्थित पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन के पैतृक निवास कासेल पहुंचे। उन्होंने बाला बच्चन से मुलाकात कर उनकी बेटी प्रेरणा बच्चन के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस दौरान जीतू पटवारी ने कहा कि यह बाला बच्चन और उनके परिवार के लिए बेहद दुखद और कठिन समय है, क्योंकि उनकी बेटी की सड़क दुर्घटना में असमय मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार बाला बच्चन के साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव संबल देने के लिए मौजूद है।
जीतू पटवारी के साथ इस अवसर पर संजय दत्त सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे, जिन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
गौरतलब है कि पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन का शुक्रवार तड़के इंदौर के रालामंडल क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में निधन हो गया था। इस दुखद घटना के बाद से उनके पैतृक निवास कासेल में भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेताओं के श्रद्धा सुमन अर्पित करने का सिलसिला लगातार जारी है।

