अयोध्या। राम नगरी अयोध्या की पवित्रता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। अयोध्या में अब नॉनवेज भोजन की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है और यह नियम होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, होम-स्टे के साथ-साथ ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेवाओं पर भी लागू होगा। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि 8 जनवरी से यह प्रतिबंध प्रभावी हो चुका है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वारा इस संबंध में तत्काल प्रभाव से आदेश जारी कर दिए गए हैं। आदेश के मुताबिक यदि कोई होटल, ढाबा, दुकान या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म मांसाहारी भोजन की बिक्री या आपूर्ति करता पाया गया तो उसका लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है। प्रशासन की ओर से नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई होगी।
दरअसल पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के अंतर्गत चिन्हित क्षेत्रों में ऑनलाइन माध्यम से बार-बार मांसाहारी भोजन की आपूर्ति की शिकायतें सामने आ रही थीं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने राम मंदिर के 15 किलोमीटर के दायरे में नॉनवेज भोजन की बिक्री और डिलीवरी पर पूरी तरह रोक लगाने का फैसला किया है। प्रशासन का कहना है कि अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

