सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 2026: मतंगेश्वर महादेव मंदिर में सांसद, केंद्रीय मंत्री और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ने गाया भजन

खजुराहो। देशभर के शिवालयों में आज सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 2026 श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी शशांक सिंह ने खजुराहो स्थित मतंगेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर भजन कीर्तन किया।

इस अवसर पर सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ मंदिर पहुंचेंगे। यही वह सोमनाथ मंदिर है जिस पर 1026 में महमूद गजनवी ने आक्रमण किया था, जो भारत के स्वाभिमान, आस्था और मान-बिंदुओं पर प्रहार था, लेकिन यही भारत है जिसने सोमनाथ मंदिर का पुनरुद्धार कर अपने स्वाभिमान, मान और सम्मान को फिर से स्थापित किया।

उन्होंने कहा कि कल मंदिर के पुनर्निर्माण को 75 वर्ष और उस ऐतिहासिक आक्रमण को 1000 वर्ष पूरे हो रहे हैं। सोमनाथ मंदिर केवल एक मंदिर नहीं बल्कि भारत की संस्कृति, इतिहास, परंपरा और अस्मिता का प्रतीक है। 75 वर्ष पूर्व तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्वारा मंदिर के पुनरुद्धार के साथ इस गौरवशाली अध्याय की नई शुरुआत हुई थी।

सांसद ने बताया कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है। देश के सभी शिवालयों में पूजा-अर्चना, भजन और कीर्तन के माध्यम से भारत की संस्कृति और अध्यात्म को सशक्त किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व पटल पर भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती से स्थापित किया है और आज पूरा देश उनके नेतृत्व में एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है।

इस मौके पर आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब टीम से खेलने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी शशांक सिंह ने भी मतंगेश्वर महादेव मंदिर में भजन कीर्तन किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यहां आकर भगवान के दर्शन और आशीर्वाद पाकर उन्हें बेहद अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में भगवान का आशीर्वाद सबसे महत्वपूर्ण होता है और मतंगेश्वर महादेव मंदिर से मिली यह ब्लेसिंग उनके लिए बहुत खास है, वे आगे भी यहां आते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *