नर्मदापुरम। जिले के इटारसी में न्यूयार्ड सड़क से लगी झाड़ियों में युवती की पत्थर से सिर कुचलकर की गई हत्या के मामले में पुलिस अब तक हत्यारे तक नहीं पहुंच सकी है। 6 जनवरी को युवती की लाश मिलने के बाद पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन जांच अभी भी अधूरी है। हत्या से पहले युवती को इटारसी रेलवे स्टेशन पर एक युवक के साथ घूमते हुए देखा गया था और दोनों स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं, इसके बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस को रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों से कई अहम फुटेज मिले हैं, जिनमें युवती के साथ एक युवक नजर आ रहा है। फुटेज में युवक के कंधे पर बैग और एक बोरी टंगी हुई दिखाई दे रही है, जबकि युवती हाथ में प्लास्टिक की बाल्टी लिए चल रही है। एक वीडियो में दोनों आपस में बातचीत करते हुए दिखते हैं, वहीं एक अन्य फुटेज में युवक अकेले रेलवे स्टेशन के अंदर घूमता नजर आता है।
इसके बाद युवक के साथ युवती कहीं नजर नहीं आई और जांच में सामने आया कि युवक मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेन के जनरल कोच में सवार होकर रवाना हो गया। संदिग्ध की तलाश में पुलिस की एक टीम को मुंबई भेजा गया है, लेकिन फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस युवती की पहचान और उसके हत्यारे की तलाश में लगातार जुटी हुई है। यह जानकारी इटारसी थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने दी है।

