MP में 19 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियों का मौका! TET, पुलिस कांस्टेबल समेत 12 बड़ी भर्ती परीक्षाओं का शेड्यूल जारी

भोपाल। मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य के विभिन्न विभागों में बंपर भर्तियों का रास्ता साफ हो गया है। कर्मचारी चयन मंडल यानी ESB ने 19 हजार 62 पदों पर होने वाली भर्ती परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। इनमें पुलिस कांस्टेबल, टीईटी, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, कृषि विस्तार अधिकारी, उपयंत्री और कई अन्य महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।

ESB के जारी कार्यक्रम के अनुसार सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच कुल 12 भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें सबसे बड़ी भर्ती पुलिस कांस्टेबल की होगी, जिसके तहत 7,500 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अलावा पंचायत सचिव, खंड पंचायत अधिकारी, उपनिरीक्षक, रोजगार सहायक और अन्य पदों के लिए भी परीक्षाएं निर्धारित समय पर आयोजित की जाएंगी।

वहीं सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET भी सितंबर और अक्टूबर 2026 में आयोजित की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस परीक्षा की जिम्मेदारी कर्मचारी चयन मंडल को सौंप दी है। जल्द ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी और करीब डेढ़ लाख शिक्षक इस पात्रता परीक्षा में शामिल होंगे।

हालांकि TET परीक्षा का शेड्यूल जारी होने के बाद शिक्षक संगठनों ने नाराजगी भी जताई है। उनका आरोप है कि शिक्षा विभाग ने पहले भरोसा दिलाया था कि परीक्षा से पहले सभी नियम, पात्रता और प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

शिक्षक संगठन के प्रतिनिधियों का कहना है कि अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किन वर्षों में नियुक्त हुए शिक्षक परीक्षा के दायरे में आएंगे और परीक्षा का विस्तृत सिलेबस भी आधिकारिक आदेश के जरिए जारी नहीं किया गया है। उनका कहना है कि केवल पोर्टल पर जानकारी डाल देना पर्याप्त नहीं है, विभाग को विधिवत आदेश जारी करना चाहिए।

शिक्षक संगठनों ने यह भी बताया कि 29 मई को आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ बड़ी बेंच में अपील दायर की गई है। इसके साथ ही 30 अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर पर देशभर के TET प्रभावित शिक्षक प्रदर्शन करेंगे।

कुल मिलाकर, मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आने वाले कुछ महीने बेहद अहम रहने वाले हैं। हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से रोजगार के नए अवसर खुलने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *