भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला वडोदरा में खेला जा रहा है और इस मैच में मैदान पर कदम रखते ही विराट कोहली ने इतिहास रच दिया है। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने वनडे करियर का 309वां मुकाबला खेलते हुए पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया और भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे खेलने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए।
विराट कोहली ने साल 2008 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था और तब से लेकर अब तक वह लगातार भारतीय वनडे टीम का हिस्सा रहे हैं। बहुत कम ऐसा हुआ है जब कोहली को टीम से बाहर किया गया हो। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला वनडे खेलने उतरते ही उन्होंने सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने अपने पूरे करियर में भारत के लिए 308 वनडे मैच खेले थे।
भारत के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है, जिन्होंने 1989 से 2012 तक कुल 463 मुकाबले खेले। इस सूची में उनके बाद महेंद्र सिंह धोनी, राहुल द्रविड़ और मोहम्मद अजहरुद्दीन का नाम आता है, जबकि अब विराट कोहली भी इस खास क्लब में शामिल हो चुके हैं।
विराट कोहली का वनडे करियर भी किसी सपने से कम नहीं रहा है। उन्होंने अब तक 308 वनडे मैचों में 14557 रन बनाए हैं और इस फॉर्मेट में उनके नाम 53 शतक और 76 अर्धशतक दर्ज हैं। सचिन तेंदुलकर के बाद वह वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और दुनिया के सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी भी हैं।
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, विल यंग, डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल हे, माइकल ब्रेसवेल, ज़कारी फाउल्केस, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन और आदित्य अशोक के साथ मैदान पर उतरी है। वहीं भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हैं।
विराट कोहली का यह रिकॉर्ड न सिर्फ उनकी निरंतरता का प्रमाण है, बल्कि भारतीय क्रिकेट में उनकी महानता की कहानी को और भी मजबूत बनाता है।

