राहुल गांधी बोले- सिस्टम को स्टूडेंट से खतरा, क्योंकि वह सवाल पूछता है! ‘सिस्टम अंधभक्त चाहता है’

इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत हो चुकी है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंच पर पहुंचे और छात्रों के साथ सीधे संवाद शुरू किया। कार्यक्रम में छात्रों की शिक्षा, परीक्षा व्यवस्था और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही है।

राहुल गांधी ने परीक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि परीक्षाओं के दौरान कुछ अभ्यर्थियों से भी गलतियां हुई हैं, लेकिन कहीं न कहीं उनका सिस्टम पर भरोसा खत्म हो गया है। इसी दौरान छात्रों की ओर से आवाज आई, “सर, हम सिस्टम से हार गए।”

राहुल गांधी ने कहा कि सिस्टम के अंदर बैठे कुछ लोग भ्रष्ट हो जाते हैं और पैसे के लालच में पेपर लीक कर देते हैं। उनका कहना था कि इससे लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होता है। उन्होंने कहा कि अगर भ्रष्ट लोग परीक्षा व्यवस्था का हिस्सा बने रहेंगे और परीक्षा प्रणाली ही भ्रष्ट होगी, तो उसका नुकसान छात्रों को उठाना पड़ेगा।

राहुल गांधी ने छात्रों की चिंता का जिक्र करते हुए कहा कि आज कई छात्र खुश नहीं हैं। उनके सामने भविष्य को लेकर स्पष्टता नहीं है और वे दबाव में हैं। उन्होंने छात्रों से उनकी आवाज सुनने की बात कही और सवाल उठाया कि आखिर छात्र परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा कैसे करें।

उन्होंने कहा कि छात्रों के मन में यह सवाल है कि कैसे भरोसा किया जाए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही है। साथ ही यह भी सवाल है कि किसी परीक्षा में चयन सही तरीके से हुआ है या नहीं, इसका भरोसा कैसे किया जाए।

अपने संबोधन की शुरुआत में राहुल गांधी ने इंदौर में हुए स्वागत के लिए लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह उनका स्वागत किया गया, उसके लिए वह धन्यवाद देते हैं और इंदौर आकर बहुत खुश हैं।

राहुल गांधी ने बताया कि कोटा, देहरादून और पुणे के बाद अब ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम इंदौर में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग शहरों में इन कार्यक्रमों के दौरान छात्रों से जुड़े मुद्दों और उनके भविष्य को लेकर सवाल उठाए जाते हैं।

राहुल गांधी के मुताबिक इन मुद्दों में पेपर लीक, संस्थागत विफलता, इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी, शिक्षा की बढ़ती लागत और निजीकरण जैसे विषय शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इंदौर में कार्यक्रम का विषय ‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स’ रखा गया है। छात्र बताएंगे कि सिस्टम क्या है, वह छात्रों को किस तरह प्रभावित कर रहा है और उनके भविष्य के सामने किस तरह की चुनौतियां खड़ी हो रही हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि कार्यक्रम में कई युवा मंच पर आकर खुलकर अपनी बात रखेंगे। इसी के साथ इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का औपचारिक आगाज हो गया है और अब छात्रों की बात सीधे मंच से सामने आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *