मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह राजधानी लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात की और एक-एक कर सभी की समस्याएं ध्यान से सुनीं। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सरकार का संकल्प है और सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारी प्राथमिकता है।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी मामलों का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना किसी भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति को न्याय और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
सीएम योगी ने यह भी बताया कि जनता दर्शन में आने के लिए किसी प्रकार के रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं होती। कोई भी नागरिक सीधे पहुंचकर अपनी समस्या मुख्यमंत्री और अधिकारियों के सामने रख सकता है। हालांकि उन्होंने लोगों को सलाह दी कि अपनी शिकायतें पहले से जनसुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करें, ताकि उनकी समस्याएं रिकॉर्ड में रहें और समाधान की प्रक्रिया और तेज हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल सुनना नहीं, बल्कि हर फरियादी को समयबद्ध और न्यायपूर्ण समाधान देना है, ताकि जनता का भरोसा व्यवस्था पर और मजबूत हो सके।

