एटा। जिले से एक दिल दहला देने वाला डबल मर्डर का मामला सामने आया है, जहां गड़िया सुहागपुर गांव में आधी रात घर के भीतर ऐसा खूनी खेल खेला गया कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने अपनी ही बेटी शिवानी उम्र 21 साल और उसके बॉयफ्रेंड दीपक उम्र 24 साल को धारदार हथियारों से बेरहमी से काटकर मौत के घाट उतार दिया।
यह पूरा मामला जैथरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक दीपक आधी रात अपनी प्रेमिका शिवानी से मिलने उसके घर पहुंचा था। दोनों कमरे में साथ थे, तभी परिजनों की नजर उन पर पड़ गई। बेटी को एक अनजान युवक के साथ देख परिवार इस कदर गुस्से में आ गया कि उन्होंने दोनों को जान से मार दिया।
हत्या के बाद प्रेमी जोड़े की लाशें घर की छत पर पड़ी मिलीं, जिसे देखकर गांव में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि शिवानी और दीपक पहले ही गांव के ही एक मंदिर में शादी कर चुके थे, लेकिन यह रिश्ता परिवार को मंजूर नहीं था। दोनों एक ही समाज से ताल्लुक रखते थे, इसके बावजूद परिजन इस संबंध को स्वीकार करने को तैयार नहीं थे।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस अपनी तरफ से मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। इस खौफनाक वारदात ने एक बार फिर प्रेम संबंधों को लेकर समाज में फैली हिंसक सोच पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

