जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पनागर थाना क्षेत्र के मुड़िया नहर में 30 वर्षीय महिला सुलोचना धुर्वे का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए नहर में फेंक दिया गया। मृतका सुलोचना धुर्वे पोल्ट्री फार्म में काम करती थीं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक महिला बीते तीन दिनों से लापता थी, लेकिन इस दौरान उसके पति द्वारा थाने में कोई गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। शव मिलने की खबर के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका मजबूत हो रही है और सबूत मिटाने के इरादे से शव को नहर में फेंका गया प्रतीत होता है। मृतका के पति और अन्य परिजनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

